भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने सोमवार को कहा कि राष्ट्रीय राजधानी में अगले तीन दिनों में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच जाएगा।
दिल्ली में क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक और प्रमुख कुलदीप श्रीवास्तव ने पीटीआई-भाषा को बताया, “आने वाले दिनों में लू चलने की कोई संभावना नहीं है, लेकिन अगले तीन से चार दिनों में दिल्ली का तापमान 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच जाएगा।” उन्होंने कहा कि नया पश्चिमी विक्षोभ (डब्ल्यूडी) उत्तर पश्चिम भारत के करीब पहुंचेगा लेकिन इसका राजधानी पर कोई असर नहीं होगा। इसलिए, आने वाले सप्ताह में दिल्ली में आसमान साफ रहेगा और बारिश की भी कोई भविष्यवाणी नहीं है।
आईएमडी के आंकड़ों के अनुसार, 2023 में सबसे अधिक अधिकतम तापमान 14 अप्रैल को 40.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था, जबकि 2022 में यह 43.5 डिग्री सेल्सियस था। 2021 में उच्चतम तापमान 42.2 डिग्री सेल्सियस और 2020 में 40.1 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। आंकड़ों के अनुसार, इस गर्मी के मौसम में अब तक का उच्चतम तापमान 39.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है, जो 20 अप्रैल को दर्ज किया गया था।