भुवनेश्वर: ओडिशा के स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्री नाबा किशोर दास को रविवार (29 जनवरी, 2023) को झारसुगुड़ा जिले में एक सहायक पुलिस उप-निरीक्षक ने गोली मार दी थी। बीजू जनता दल (बीजद) के नेता दास को जिले के ब्रजराजनगर कस्बे में उस समय गोली मार दी गई जब वह एक सभा में शामिल होने जा रहे थे।
ब्रजराजनगर के पुलिस उपाधीक्षक गुप्तेश्वर भोई ने मीडिया को बताया, “सहायक पुलिस उपनिरीक्षक (एएसआई) गोपाल दास ने मंत्री पर गोली चलाई। मंत्री घायल हो गए और उन्हें अस्पताल ले जाया गया।”
उन्होंने कहा, “हम गोलीबारी के कारणों का पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं। एएसआई दास के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।”
प्रारंभिक रिपोर्टों के अनुसार, एएसआई ने मंत्री पर गोली चलाने के लिए अपनी सर्विस रिवाल्वर का इस्तेमाल किया।